-अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सेक्टर-137 बायोडायवर्सिटी पार्क में हुआ भव्य आयोजन, उमड़ा जनसैलाब
-सूर्य नमस्कार, साउंड थेरेपी, ध्यान, योग प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण ने बढ़ाया उत्साह
नोएडा (अमन इंडिया) । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर फेलिक्स हॉस्पिटल की ओर से सेक्टर-137 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में शनिवार सुबह भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और योग के महत्व को समझा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह (आईपीएस) रहे। उनके साथ आरके एग्रोएक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं उद्योगपति गौरव वार्ष्णेय, फेलिक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. डी.के. गुप्ता, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता तथा प्रसिद्ध योग एवं वेलनेस विशेषज्ञ पूर्णिमा जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई। योग विशेषज्ञ पूर्णिमा जोशी के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास किया। योग सत्र के दौरान उन्होंने शरीर और मन को स्वस्थ रखने के लिए नियमित योगाभ्यास की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके बाद साउंड थेरेपी के अंतर्गत सिंगिंग बाउल के माध्यम से मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराया गया। कार्यक्रम के अंत में गाइडेड शवासन और मेडिटेशन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने गहन मानसिक विश्राम का अनुभव किया।
योग दिवस समारोह को रोचक बनाने के लिए योग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा दिखाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
मुख्य अतिथि डीसीपी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से सशक्त और मानसिक रूप से संतुलित बनाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव और व्यस्त जीवनशैली के बीच योग लोगों को आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
आरके एग्रोएक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक गौरव वार्ष्णेय ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही किसी भी व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है। योग न केवल बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि कार्यक्षमता और उत्पादकता भी बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं और उद्योग जगत को भी इस दिशा में आगे आना चाहिए।
योग एवं वेलनेस विशेषज्ञ पूर्णिमा जोशी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से तनाव, अनिद्रा, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी जीवनशैली संबंधी बीमारियों के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग को अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि इससे शरीर में लचीलापन बढ़ता है और मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है।
फेलिक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. डी.के. गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का ऐसा वैज्ञानिक उपहार है, जिसे आज पूरी दुनिया स्वीकार कर रही है। स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योग व्यक्ति को दवाओं पर निर्भरता कम करने और बेहतर जीवन गुणवत्ता प्राप्त करने में सहायता करता है। उन्होंने कहा कि फेलिक्स हॉस्पिटल भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
फेलिक्स हॉस्पिटल की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य केवल बीमारी का अभाव नहीं बल्कि शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन का नाम है। योग इस संतुलन को स्थापित करने का सबसे सरल और प्रभावी तरीका है। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को केवल एक दिन योग कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पार्क का वातावरण सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह से भर गया। योग, ध्यान और साउंड थेरेपी के माध्यम से लोगों ने स्वास्थ्य और मानसिक शांति का अनुभव किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।