पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह द्वारा फ़ोनरवा एवं विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ गोष्ठी कर स्थानीय नागरिक समस्याओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गौतम बुद्ध नगर/नोएडा (अमन इंडिया ) । पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह द्वारा फ़ोनरवा ( फेडरेशन ऑफ़ नोएडा रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ) कार्यालय सेक्टर-52 नोएडा में FONRWA एवं विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान पुलिस कमिश्नर द्वारा सेक्टरों एवं आवासीय क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न नागरिक समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर द्वारा सोसाइटियों व आस-पास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु निर्देशित किया गया, साथ ही जिन स्थानों पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। वहां आवश्यकतानुसार यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती कर यातायात संचालन को सुचारु बनाया जाए। इसके अतिरिक्त सोसाइटियों एवं सेक्टरों की सड़को पर अनावश्यक रुप से स्कूली बसों को खडा न होने देने व कार्यवाही करने, लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने, साप्ताहिक बाजारों में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा किराएदारों के अनिवार्य पुलिस सत्यापन हेतु मकान मालिकों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए। सभी सेक्टरों में संचालित हो रहे पीजी का सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाये।
पुलिस कमिश्नर द्वारा समस्त पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे समय-समय पर फ़ोनरवा /आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ संवाद एवं बैठकें आयोजित करें तथा सोसाइटियों एवं सेक्टरों के आसपास स्थित सुनसान एवं संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां नियमित गश्त एवं पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। संवेदनशील स्थानों के आस-पास नये सीसीटीवी कैमरों का व्यस्थापन किया जाये।
साथ ही आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए पुलिस के प्रति जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह द्वारा निर्देशित किया गया कि संबंधित जोन के पुलिस उपायुक्त द्वारा प्रत्येक माह में 01 बार व थाना प्रभारी 15 दिन में एक बार व प्रत्येक चौकी प्रभारी द्वारा 07 दिवस में एक बार आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के साथ संवाद/गोष्ठी करेंगे।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रत्येक पुलिस अधिकारी FONRWA/आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर एक-एक पार्क को गोद लेंगे एव समेकित रुप से आवश्यक कार्यवाही करेंगे।
जनता के व्यक्तियों से सही संवाद स्थापित न करने एवं उनकी समस्या के प्रति उदासीन रवैया अपनाने पर चौकी इंचार्ज सेक्टर-110 को निलम्बित किया गया है।
जनता के व्यक्तियों से सही संवाद स्थापित न करने एवं उनकी समस्या के प्रति उदासीन रवैया अपनाने पर थाना प्रभारी सेक्टर-49 को लाइन हाजिर किया गया है।
जनता के व्यक्तियों से सही संवाद स्थापित न करने पर थाना प्रभारी फेस-2, थाना प्रभारी सेक्टर-24, थाना प्रभारी सेक्टर-58 को कड़ी चेतावनी जारी की गयी हैं।
जनता के व्यक्तियों से सही संवाद स्थापित न करने पर वर्तमान चौकी प्रभारी हरिदर्शन एवं पूर्व चौकी प्रभारी के विरुद्ध प्रारंभिक जांच/विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।
गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त नोएडा जोन साद मियां खान, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात अभय कुमार मिश्र, प्रभारी पुलिस उपायुक्त साइबर शैव्या गोयल सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे। फोनरवा की ओर से अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ,के के जैन एवं अन्य सेक्टरों से आये RWA के पदाधिकारी उपस्थित रहे।