मोदी सरकार के 12 वर्ष पर मंत्री ब्रजेश सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां

 


मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर नोएडा में मीडिया संवाद, मंत्री ब्रजेश सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां


नोएडा (अमन इंडिया) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में  सेक्टर-27 स्थित क्लब हाउस में मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।


मीडिया संवाद को संबोधित करते हुए मंत्री ब्रजेश सिंह ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को "विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष" बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत रक्षा, तकनीक, ऊर्जा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में देश ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी निर्णायक कार्रवाइयों के माध्यम से अपनी सैन्य क्षमता और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिचय दिया है, जिससे विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा और मजबूत हुई है।


राज्यमंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि "लखपति दीदी" जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि करोड़ों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के नए अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने पर्यावरण और ऊर्जा क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत सौर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सरकार की नीतियों के कारण स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिला है और देश ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।


ब्रजेश सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक भारत ने विकास की नई गति प्राप्त की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जो 24 घंटे, सातों दिन और पूरे वर्ष संचालित रहने वाला मिशन है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की कार्य संस्कृति में योजनाओं का केवल शिलान्यास ही नहीं बल्कि समयबद्ध तरीके से उनका लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में सड़क, रेल, बिजली और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत देशभर में लगभग 8 लाख किलोमीटर पक्की सड़कों का निर्माण हुआ है, जिनमें लगभग 4 लाख किलोमीटर सड़कें पिछले 12 वर्षों में बनाई गई हैं। इससे गांवों में आवागमन की सुविधा बढ़ी है और किसानों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश दोनों विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं तथा भारत आत्मनिर्भर, विकसित, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।

मीडिया संवाद कार्यक्रम में सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, प्रदेश अध्यक्ष कार्य समिति सदस्य विनोद त्यागी, जिला उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, सत्येंद्र नागर, क्षेत्रीय मंत्री आशीष वत्स, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, जिला महामंत्री नोएडा अमित त्यागी, ओमवीर अवाना, महामंत्री नोएडा चंदगीराम यादव, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे सहित अन्य उपस्थित रहे।