नोएडा (अमन इंडिया ) । इस्कॉन मन्दिर नोएडा में प्रथम बार ब्रज रस भजन क्लबिंग का भव्य कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। वर्तमान समय में सभी लोगों को, विशेष रूप से युवा पीढ़ी को आकर्षित करने के लिए, भजन क्लबिंग इवेंट पूरे सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। चाहे इंस्टाग्राम हो, फेसबुक अथवा यूट्यूब, सभी जगह सांस्कृतिक जगत से जुड़े कलाकार भजन क्लबिंग का इवेंट कर रहे हैं। अतः हमने अपने भजन क्लबिंग के इवेंट को थीम दिया है - ब्रज रस। इस ब्रज रस के माध्यम से हम वृन्दावन की महिमा को यहाँ मञ्च पर दर्शाएंगे जिससे लोग नोएडा में बैठे–बैठे ब्रज के रस का आनन्द ले सकें। इसके अतिरिक्त जो हमारे प्रमुख गौड़ीय वैष्णव आचार्य हैं, जैसेकि षड्गोस्वामी एवं अन्य आचार्य, विशेष रूप से चैतन्य महाप्रभु की महिमा से भी यहाँ लोगों को अवगत कराया जाएगा।
इस्कॉन के संस्थापकाचार्य श्रील प्रभुपाद जी कहा करते थे कि भजन का अर्थ है हरि का कीर्तन। श्रील प्रभुपाद जी आज से लगभग 60 वर्ष पूर्व जब एक कार्गो शिप के माध्यम से प्रथम बार अमेरिका गए, तब उन्होंने सभी को केवल हरि का भजन प्रदान किया और वहाँ के लोगों ने इसे स्वीकार किया। आगे चलकर इसी आयोजन के बल पर इस्कॉन की स्थापना हुई और आज देश विदेश में इस्कॉन के 800 से भी अधिक मन्दिर हैं जो लोगों को इस भागदौड़ के जीवन में शान्ति प्रदान कर रहे हैं। और आजकल तो ट्रेंड हो गया है कि बड़े - बड़े नेता, अभिनेता एवं खिलाड़ी भी भगवान की शरण ले रहे हैं/लेना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें समुचित मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए एक छोटे से प्रयास का नाम है ।ब्रज रस भजन क्लबिंग। यह अनूठा कार्यक्रम “भजन क्लबिंग” को एक नई दिशा देते हुए ब्रज रस की दिव्य थीम पर आधारित है, जिसमें मुख्य आकर्षण होंगे:
* वृन्दावन धाम की महिमा व लीलाएं
* गौड़ीय वैष्णव आचार्यों की शिक्षाएं
* हरि भजन एवं हरि कीर्तन का वास्तविक स्वरूप
यह आयोजन भक्ति, संगीत और आध्यात्मिकता को जोड़ने का एक विशेष प्रयास है। ब्रज रस का आयोजन सांय 4:30 बजे से इस्कॉन नोएडा के पूर्णतः वातानुकूलित ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इस आयोजन में लगभग 800 से अधिक श्रद्धालुओं के भाग लेने की आशा है। कुल मिलाकर इस ब्रज रस भजन क्लबिंग के माध्यम से लोगों को भक्ति से जोड़ा जा सके तथा इस प्रकार उनके जीवन में शान्ति लाई जा सके इसी आशा के साथ इस्कॉन नोएडा इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है।