एनईए सभागार में अपर पुलिस आयुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन

 




नोएडा में उद्योगों की सुरक्षा व संचालन को लेकर बैठक, दिशा-निर्देशों के पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी


नोएडा (अमन इंडिया) । नोएडा में उद्योगों की सुरक्षा और उनके सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेक्टर-6 स्थित एनईए सभागार में अपर पुलिस आयुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्यमियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। वहीं बैठक में स्पष्ट किया गया कि उद्योगों में शांति और संतुलन बनाए रखने के लिए श्रमिकों के अधिकारों का पालन अनिवार्य है, अन्यथा प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस आयुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा कि सभी औद्योगिक इकाइयां शासन के दिशा-निर्देशों को अपनी इकाई के सूचना पट पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 अप्रैल 2026 से लागू 21 प्रतिशत वेतन वृद्धि का भुगतान सभी श्रमिकों को समय पर किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी श्रमिक को अनावश्यक रूप से सेवा से नहीं निकाला जाएगा और ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से बिना किसी कटौती के किया जाएगा। प्रत्येक श्रमिक को साप्ताहिक अवकाश देना अनिवार्य होगा तथा रविवार को कार्य कराने पर दोगुना भुगतान किया जाएगा।

बैठक में यह भी कहा गया कि सभी श्रमिकों को नियमानुसार बोनस का भुगतान अधिकतम 30 नवंबर तक उनके बैंक खातों में किया जाए। प्रत्येक कारखाने में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति का गठन किया जाए, जिसकी अध्यक्ष एक महिला कर्मचारी होगी। साथ ही शिकायत पेटी स्थापित कर श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक श्रमिक को हर माह की 10 तारीख तक वेतन का एकमुश्त भुगतान किया जाए और वेतन पर्ची देना अनिवार्य होगा, जिसमें किसी प्रकार का अंतर नहीं होना चाहिए। उन्होंने उद्यमियों से श्रमिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि अधिकांश श्रमिकों को शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी नहीं है, जिससे असंतोष की स्थिति बन रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी इकाई द्वारा इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन ने उद्यमियों से अपील की कि वे श्रमिकों को निर्धारित मानदेयों का भुगतान करें और उनके साथ सामंजस्य बनाए रखें, क्योंकि श्रमिकों के बिना उद्योगों का संचालन संभव नहीं है। 

बैठक में एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन, महासचिव वीके सेठ, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश कोहली, धर्मवीर शर्मा, मुकेश कक्कड़, उपाध्यक्ष राजन खुराना, मयंक गुप्ता, सचिव वीरेंद्र नरूला, प्रदीप अग्रवाल, विनीत कत्याल, अजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।