फोनरवा के प्रतिनिधिमंडल की बैठक नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश के साथ सम्पन्न


नोएडा (अमन इंडिया ) । फेडरेशन ऑफ नोएडा रेसिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) के प्रतिनिधिमंडल की बैठक नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्ण करुणेश के साथ सम्पन्न हुई।

बैठक के दौरान विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए से संबंधित लंबे समय से लंबित विकास कार्यों की विस्तृत सूची उन्हें सौंपी गई। फोनरवा अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा एवं महासचिव के. के. जैन ने अवगत कराया कि सेक्टरों में विकास कार्यों के लंबे समय से लंबित रहने के कारण नोएडा के समग्र विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अतः इन लंबित कार्यों को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण कराया जाना आवश्यक है।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी निवेदन किया कि “नोएडा आपके द्वार” कार्यक्रम को आरडब्ल्यूए के सहयोग से शीघ्र पुनः प्रारंभ किया जाए। इस कार्यक्रम के माध्यम से सेक्टरों में स्वच्छता, जन-जागरूकता एवं नागरिक सहभागिता को बढ़ावा मिलता है, जिससे स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान में गति आती है।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी  कृष्ण करुणेश ने अवगत कराया कि अनेक लंबित कार्यों के टेंडर की प्रक्रिया प्रगति पर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष कार्यों पर भी शीघ्र प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, महासचिव के. के. जैन, कोषाध्यक्ष पवन यादव, विजय कुमार भाटी, एडवोकेट लाटसाहब लोहिया,  संजय चौहान,  विनोद शर्मा, जी. एस. सचदेवा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।