अमित शाह एवं योगी आदित्यनाथ का मुख्य कार्यक्रम सजीव प्रसारण LED स्क्रीन पर दिखाया




 सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया यूपी दिवस-2026 का शुभारंभ शिल्प हाट में सजी विकास-संस्कृति की झलक


गौतमबुद्धनगर/नोएडा (अमन इंडिया ) । उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रदेश की स्थापना की ऐतिहासिक स्मृति को जीवन्त बनाए रखने तथा उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, सामाजिक और विकासात्मक उपलब्धियों को आम जनमानस तक पहुँचाने के उद्देश्य से 24 से 26 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का भव्य शुभारंभ शिल्प हाट, सेक्टर-33ए, नोएडा में किया गया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन  सांसद (लोकसभा) डॉ. महेश शर्मा द्वारा रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर संपन्न हुआ। इस अवसर पर माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, माननीय विधान परिषद सदस्य चंद शर्मा, विधायक तेजपाल सिंह नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

मुख्य कार्यक्रम के दौरान मा० केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण LED स्क्रीन पर दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री के संदेश और प्रदेश की प्रगति का दर्शन कराया गया। इसके अलावा सूचना विभाग द्वारा तैयार लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साह से देखा।


कार्यक्रम में संबोधन करते हुए सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस प्रदेश की ऐतिहासिक पहचान, समृद्ध संस्कृति और सतत विकास यात्रा को जन-जन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप, पर्यटन, शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है, जिसका लाभ समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुँच रहा है।सांसद ने आगे कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश की लोककला, शिल्प एवं सांस्कृतिक विविधता को मंच देते हैं और युवाओं, महिलाओं व उद्यमियों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का अधिकतम लाभ उठाएँ और प्रदेश की कला, संस्कृति तथा विकासात्मक उपलब्धियों का आनंद लें।


कार्यक्रम में जनसामान्य को मतदाता शपथ भी दिलवाई गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम जैसे “जय हिंद की सेना”, शास्त्रीय संगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने भारी उत्साह से सराहा। रागिनी गायक ब्रह्मपाल नागर के गीतों में राष्ट्रीय भावना और सामाजिक चेतना की झलक थी।इस अवसर पर सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई तथा छोटे बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया, जिसमें सुरक्षित व पौष्टिक आहार प्रदान किया गया।


कार्यक्रम स्थल पर एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), स्टार्टअप, ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस, मिशन शक्ति, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक स्टॉल लगाए गए। सांसद एवं अन्य प्रतिनिधियों ने स्टॉलों का भ्रमण कर अधिकारियों और लाभार्थियों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और प्रदर्शित उत्पादों को सराहा। स्थानीय उत्पादों, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा नवोदित उद्यमियों के प्रयासों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्वीप एवं मतदाता जागरूकता में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं तथा व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत युवा उद्यमियों को ब्याज-मुक्त ऋण चेक प्रदान किए गए तथा विश्वकर्मा टूलकिट वितरण योजना के तहत सिलाई मशीन आदि वितरित किए गए।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि 24 से 26 जनवरी तक शिल्प हाट में कार्यक्रम आयोजित रहेगा, जिसमें प्रदेश के जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, प्रमुख उत्पादों और सांस्कृतिक विविधताओं को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे स्टॉलों का भ्रमण कर उत्तर प्रदेश की कला, संस्कृति, विरासत और सरकारी योजनाओं की जानकारी अवश्य लें।

इस अवसर पर लगभग 120 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें नोएडा प्राधिकरण, कृषि विभाग, स्वयं सहायता समूह, महिला एवं बाल सुरक्षा, मिशन शक्ति अभियान, शिक्षा, दिव्यांगजन योजनाएँ, स्वास्थ्य, स्वच्छता, ग्रामोद्योग आदि विभाग शामिल हैं। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, यमुना विकास प्राधिकरण के अधिकारी, जिला प्रशासन एवं वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित रहे।