आपके जीवन से भय और संदेह दूर कर देगा रामभक्ति: सद्गुरूनाथ जी महाराज


श्रीविष्णु महायज्ञ और श्रीराम कथा का तीसरा दिन



लगातार बढ़ रही है रामभक्तों की भीड़, जयश्री राम के उद्घोष से गूंज रहा कथास्थल

आपके जीवन से भय और संदेह दूर कर देगा रामभक्ति: सद्गुरूनाथ जी महाराज


नोएडा: श्रीविष्णु महायज्ञ के पावन अवसर पर महर्षि नगर के रामलीला मैदान में चल रहे श्रीराम कथा के तीसरे दिन सद्गुरूनाथ जी महराज ने कहाकि श्रीराम की भक्ति मानव को भयमुक्त और संदेहमुक्त बनाता है। गुरूदेव ने आगे कहाकि रामायण में बताया गया है कि गृहस्थ जीवन कैसे चलाना चाहिए। रामायण की शिक्षाओं पर चल कर ही जीवन सुखी हो सकता है। हम अच्छे कर्म करेंगे तो निश्चित रूप से फल अच्छे मिलेंगे और बुरा कर्म करेंगे तो बुरा फल मिलेगा। इसलिए यदि हम अपना शुभ चाहते हैं तो हमें शुभ कर्म करने होंगे। भौतिक जीवन में आज अपने  को सभी दुखी मानते हैं। सभी भगवान से सुख के साधनों की मांग करते हैं। परन्तु सुख तो इंसान के अन्दर छिपा हुआ है। दुख का सब से बड़ा कारण हम में संतोष का न होना है।

ज्ञात हो कि सद्गुरूनाथ जी महाराज की कथा की जानकारी मिलते ही देश के विभिन्न प्रांतों से लोग आकर गुरूदेव की कथा में जरूर शामिल होते हैं। नोएडा और दिल्ली के लोगों के बीच गुरूदेव काफी लोकप्रिय है, यही कारण है कि कथा के दौरान भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। काफी संख्या में भक्तजन गुरूदेव द्वारा बताए गए धार्मिक उपाय को अपनाकर अपने जीवन को सफल बना चुके हैं। 

श्रीराम कथा हमें मर्यादा में रहना सिखाती है। साथ ही यह मानव का सही मार्गदर्शन भी करती है। जो मनुष्य सच्चे मन से श्रीराम कथा का श्रवण करते हैं, उसका लोक ही नहीं परलोक भी सुधर जाता है। इस युग में मानव जीवन बहुत दुर्लभ है और अच्छे व  सत्कर्मों के बाद ही मनुष्य का जीवन मिलता है।  

गुरूदेव ने कहा कि रामायण को प्रतिदिन श्रवण करने से मानसिक संतुलन ठीक रहता है। तुलसी की माला भगवान की पहचान है। हमें अपने गले में तुलसी की माला धारण करनी चाहिए। गले में तुलसी की माला और मुख में राम नाम का  सकारात्मक भाव हमेशा रखना चाहिए।

परम श्रद्धेय सद्गुरूनाथ जी महाराज के श्रीमुख से भक्तिपूर्ण वातवरण में दिव्य श्रीराम कथा का श्रवण कर भक्तों में भक्ति का अलग तरह का उत्साह दिखाई दिया। कथा के दौरान भक्तों ने नृत्य के माध्यम से भक्तिभाव को श्रीराम जी को समर्पित कर उत्साह को बढ़ाया। उपस्थित भक्तों ने जय श्रीराम एवं सद्गुरूनाथ जी महाराज के जयकारे से पांडाल भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। 

कथा का सीधा प्रसारण आस्था, आस्था प्राईम-1, आस्था फेसबुक एवं आस्था यूटूयूब चौनल पर अगले 18 दिसम्बर तक किया जाएगा। देश और विदेश के भक्तजन टीवी और इंटरनेट द्वारा कथा का आनंद ले सकते हैं।

इस अवसर पर महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष और महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फार्मेशन टेक्नालोजी के कुलाधिपति श्री अजय प्रकाश श्रीवास्तव, संस्थान के उपाध्यक्ष श्री राहुल भारद्वाज, महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फार्मेशन टेक्नालोजी के डॉयरेक्टर जनरल, प्रो. (ग्रुप कैप्टन) ओ पी शर्मा, श्रीविष्णु महायज्ञ और श्रीराम कथा कार्यक्रम के संयोजक रामेन्द्र सचान, गिरीश अग्निहोत्री, तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।