लोगों को हृदय रोगों से बचाने के लिए देशभर में अभियान चलाने की जरूरत : डाॅ. पुरूषोेत्तम लाल

 



 नोएडा (  अमन इंडिया )।  हृदय रोगों पर रोकथाम के लिये तत्काल कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले समय में हृदय रोग जानलेवा हो सकता है। ऐसे में हृदय रोगों के हमले से बचने के लिये समय रहते एक कारगर रणनीति बनाने तथा देशभर में अभियान चलाने की आवश्यकता है।
उक्त बातें  विश्व हृदय दिवस के अवसर पर मेट्रो अस्पताल एवं हृदय संस्थान द्वारा आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मेट्रो ग्रुप के चेयरमैन डाॅ. पुरूषोेत्तम लाल ने कही। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत सभी शहरों एवं गांवों में लोगों को समुचित जीवन-शैली, सही खान-पान एवं व्यायाम करने के बारे में जागरूक किया जाना चाहिये तथा देशभर में हृदय रोगों की जांच की सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिये ताकि समय पर हृदय रोगों की पहचान हो सके। डाॅ. पुरुषोत्तम लाल ने कहा कि हमारे देश के लिये सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि आधुनिक समय में कम उम्र के लोगों में भी दिल के रोग उनकी असामयिक मौत के कारण बन रहे हैं, जबकि एक समय इसे अधेड़ावस्था का ही रोग माना जाता था। आने वाले समय मे भारत सहित विभिन्न विकासशील देशों में हृदय रोगों के प्रकोप में और बढ़ोतरी होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में तेजी से पनप रही फास्ट फूड संस्कृति मोटापा, मधुमेह, रक्तचाप और हृदय की बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ा रही है। शिविर के दौरान मेट्रो हाॅस्पिटल के चिकित्सकों ने मरीजों को सुझाव दिया कि हृदय रोगों की रोकथाम के लिये सबसे अच्छा तरीका अपने खान-पान पर नियंत्रण रखना, नियमित व्यायाम करना तथा सही समय पर जांच कराना है। इस दौरान डाॅ समीर गुप्ता, डाॅ जीवन पिल्लई व डाॅ मधुर दलेला ने बताया की इस जागरुकता अभियान के लिए मेट्रो ग्रुप के सभी 12 अस्पतालों में निःशुल्क हृदय रोगों की जांच 29 सितम्बर तक होगी। जहां आम जनता के लिए बहुत से महंगी जांच निःषुल्क की जा रही है व कुछ अन्य विषेश आफर भी दिए जा रहे है। डाॅक्टर समीर गुप्ता ने बताया की धुम्रपान से विषेश रुप से दूर रहें।