फोनरवा ने नोएडा में मृत आवारा एवं पालतू पशुओं के शवदाह बनाया

 नोएडा में मृत पशुओं के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए आधुनिक पशु शवदाह केंद्र स्थापित करने की मांग



नोएडा (अमन इंडिया) । फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन्स (फोनरवा) ने नोएडा में मृत आवारा एवं पालतू पशुओं के सम्मानजनक, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल अंतिम संस्कार के लिए आधुनिक पशु शवदाह केंद्र (Animal Cremation Facility) स्थापित करने की मांग की है।

इस संबंध में फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा एवं महासचिव के.के. जैन ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) को पत्र लिखकर इस महत्वपूर्ण जनहित के विषय पर आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है।


फोनरवा ने अपने पत्र में कहा है कि नोएडा में मृत पशुओं के शवों का समयबद्ध एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना आवश्यक है। कई बार उचित व्यवस्था के अभाव में मृत पशुओं के शव सार्वजनिक स्थलों अथवा आवासीय क्षेत्रों में पड़े रहने से दुर्गंध, गंदगी, संक्रमण की आशंका एवं पर्यावरण प्रदूषण जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इससे नागरिकों के स्वास्थ्य और शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।


फेडरेशन ने मांग की है कि नोएडा प्राधिकरण आधुनिक तकनीक पर आधारित पर्यावरण-अनुकूल पशु शवदाह केंद्र स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल करे। इसके लिए उपयुक्त स्थान का चयन, मशीन की तकनीकी क्षमता एवं प्रदूषण नियंत्रण मानकों का परीक्षण तथा आवश्यक बजट एवं परियोजना प्रस्ताव तैयार कराया जाए।


फोनरवा  का मानना है कि इस सुविधा की स्थापना से मृत पशुओं के शवों का सम्मानजनक एवं सुरक्षित निस्तारण संभव होगा। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर शव पड़े रहने की समस्या को कम करने, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण एवं पशु कल्याण को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।


फेडरेशन ने आशा व्यक्त की है कि नोएडा प्राधिकरण इस मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देगा और शहर में मृत पशुओं के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निस्तारण के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में शीघ्र कदम उठाएगा।