गुरुग्राम (अमन इंडिया ) । ऑन-डिमांड सुविधा मंच स्विगी और दोपहिया वाहन निर्माता हीरो मोटोकॉर्प ने बुधवार को भारत में डिलीवरी पार्टनर्स को किफायती मोबिलिटी और सुरक्षित राइडिंग की सुविधा देने के लिए रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की।
साझेदारी के तहत स्विगी फूड मार्केटप्लेस और इंस्टामार्ट के डिलीवरी पार्टनर्स को हीरो मोटोकॉर्प के पूरे मोटरसाइकिल पोर्टफोलियो पर विशेष कीमत का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें 90 प्रतिशत तक लोन-टू-वैल्यू (एलटीवी) और प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों के साथ कस्टमाइज्ड फाइनेंसिंग विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस पहल की शुरुआत गुरुग्राम स्थित हीरो मोटोकॉर्प ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क में स्विगी डिलीवरी पार्टनर्स के लिए रोड सेफ्टी ट्रेनिंग सेशन के आयोजन के साथ हुई। प्रशिक्षण के दौरान डिलीवरी पार्टनर्स को फुल-फेस हेलमेट, मेडिकल किट, प्रमाणपत्र और रिफ्लेक्टिव सेफ्टी वेस्ट वाली रोड सेफ्टी किट भी दी गई।
हीरो मोटोकॉर्प की सीएसआर पहल ‘राइड सेफ इंडिया’ के तहत देशभर में स्विगी राइडर्स के लिए रोड सेफ्टी ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें डिजिटल लर्निंग के साथ विशेषज्ञों द्वारा प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें सुरक्षित राइडिंग, ट्रैफिक नियमों का पालन, संभावित खतरों की पहचान और आपात स्थिति में सही प्रतिक्रिया जैसे पहलुओं पर जोर होगा।
स्विगी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर, फूड मार्केटप्लेस, सौरव गोयल ने कहा, “भरोसेमंद पर्सनल मोबिलिटी डिलीवरी पार्टनर्स को अपनी कमाई के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ रोजमर्रा के काम में अधिक सुविधा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हीरो मोटोकॉर्प के साथ इस साझेदारी के जरिए हम खास कीमतों, फ्लेक्सिबल फाइनेंसिंग और आसान खरीदारी प्रक्रिया के माध्यम से वाहन खरीदना आसान बना रहे हैं।
हीरो मोटोकॉर्प के चीफ बिजनेस ऑफिसर आशुतोष वर्मा ने कहा, “मोबिलिटी लोगों के लिए नए अवसरों और आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्विगी के साथ हमारी साझेदारी डिलीवरी पार्टनर्स के लिए भरोसेमंद और किफायती मोबिलिटी को आसान बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। रोड सेफ्टी ट्रेनिंग को इसमें शामिल कर हम सुरक्षित सड़कों और जिम्मेदार राइडिंग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी मजबूत कर रहे हैं।
डिलीवरी पार्टनर्स स्विगी ऐप पर अपनी पसंद का हीरो मॉडल चुनकर संबंधित डीलरशिप से विशेष कीमत और फाइनेंसिंग का लाभ उठा सकेंगे। एपीआई इंटीग्रेशन और समर्पित कस्टमर सपोर्ट टीम के जरिए पूरी खरीद प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।