नोएडा (अमन इंडिया ) । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल श्री कलराज मिश्र की धर्मपत्नी श्रीमती सत्यवती मिश्र का शनिवार देर रात नोएडा के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
रविवार सुबह उनका पार्थिव शरीर नोएडा के सेक्टर 51 स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। निधन की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा श्री कलराज मिश्र एवं शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
श्रीमती सत्यवती मिश्र का अंतिम संस्कार रविवार दोपहर लगभग एक बजे नोएडा के सेक्टर 94 स्थित अंतिम निवास स्थल पर किया गया। परिवार के सदस्यों, निकट संबंधियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित शुभचिंतकों की मौजूदगी में उनका पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हुआ।
अंतिम दर्शन एवं शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे प्रमुख लोगों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष (उत्तर प्रदेश) पंकज चौधरी, स्थानीय सांसद डॉ. महेश शर्मा, स्थानीय विधायक पंकज सिंह तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण सिंह, एम एल सी विजय बहादुर पाठक, वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र तिवारी सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं सामाजिक क्षेत्र के लोग शामिल रहे।
श्रीमती सत्यवती मिश्र के अस्वस्थ रहने के दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा भी अस्पताल पहुंचे थे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा डॉ. दिनेश शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने फोन पर श्री कलराज मिश्र से बातचीत कर श्रीमती सत्यवती मिश्र के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की।
वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित अनेक वरिष्ठ राजनीतिक एवं सामाजिक नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी श्रीमती सत्यवती मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
दिनभर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों की ओर से श्री कलराज मिश्र एवं उनके परिवार के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त की जाती रहीं।
पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्रा के आवास पहुंचकर सतेन्द्र शर्मा ने अर्पित की श्रद्धांजलि
दिनाँक.13.9.2026।को नोएडा कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर सतेन्द्र शर्मा ने पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री आदरणीय श्री कलराज मिश्रा जी के नोएडा स्थित आवास पर पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सतेन्द्र शर्मा ने कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता राज्यसभा में सदन के उपनेता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता आदरणीय श्री प्रमोद तिवारी जी से फोन पर श्री कलराज मिश्रा जी की बातचीत भी कराई। श्री प्रमोद तिवारी जी ने फोन पर श्री कलराज मिश्रा जी से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
श्री प्रमोद तिवारी जी ने कहा कि वे शीघ्र ही नोएडा पहुंचकर श्री कलराज मिश्रा जी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपनी श्रद्धांजलि एवं संवेदना प्रकट करेंगे।
सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में वे श्री कलराज मिश्रा जी एवं उनके पूरे परिवार के साथ खड़े हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।