• क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया ने मनाया अपना 16वां फाउंडेशन डे, 16 साल में 3 हजार कर्मचारियों की मजबूत टीम बनाई
नोएडा (अमन इंडिया) । क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया ने अपना 16वां फाउंडेशन डे मनाया। कार्यक्रम में एनएबीसीबी (नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर सर्टिफिकेशन बॉडीज) के चेयरमैन डॉ. आरपी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि फेलिक्स अस्पताल के चेयरमैन डॉ. डीके गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने संगठन की 16 वर्षों की उपलब्धियों के लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी संस्था के लिए लंबे समय तक सफलता हासिल करना केवल कारोबार बढ़ाने की कहानी नहीं होती, बल्कि यह लोगों के भरोसे और लगातार बेहतर काम करने का परिणाम होती है।
उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अपने अनुभव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाला मरीज केवल इलाज के लिए नहीं आता, बल्कि अपना भरोसा चिकित्सक और अस्पताल के हाथों में सौंपता है। इसी तरह जब कोई संस्था निरीक्षण या प्रमाणन की जिम्मेदारी किसी संगठन को देती है तो वह भी अपना भरोसा सौंपती है। अलग-अलग क्षेत्रों में काम होने के बावजूद दोनों जगह जिम्मेदारी और विश्वास की अहम भूमिका है। उन्होंने संगठन की सफलता के बीच विनम्रता बनाए रखने की सलाह दी और कहा कि संस्था जितनी बड़ी होती जाए, उसकी विनम्रता भी उतनी ही बड़ी होनी चाहिए। सफलता के साथ यह नहीं भूलना चाहिए कि यात्रा की शुरुआत कहां से हुई थी।
उन्होंने कहा कि क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया ने 16 वर्षों में काफी उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन उसकी सबसे बड़ी उपलब्धियां अभी आगे हैं। बड़ी उपलब्धियां हमेशा बड़े सपनों से शुरू होती हैं, और उन्होंने कामना की कि 2029 में संगठन को केवल सबसे बड़ा नहीं, बल्कि सबसे भरोसेमंद, जिम्मेदार और गुणवत्ता को अपनी पहचान बनाने वाला संगठन कहा जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि संगठन की पहचान केवल राजस्व या आकार के आधार पर नंबर-1 होने की नहीं, बल्कि भरोसे, विश्वसनीयता, गुणवत्ता और नवाचार के क्षेत्र में भी अग्रणी संस्था के रूप में बने। उन्होंने कहा कि जब गुणवत्ता और भरोसा साथ चलते हैं तो विकास, पहचान और आर्थिक सफलता अपने आप उसके परिणाम बन जाते हैं। मौजूदा दौर में करियर की शुरुआत करने और आगे बढ़ने के लिए अवसरों की कमी नहीं है, लेकिन कौशल नौकरी दिला सकता है जबकि व्यक्ति का चरित्र उसे लंबे समय तक आगे लेकर जाता है। उन्होंने युवाओं से हर दिन कुछ नया सीखने, अपने काम में बेहतर बनने और अपने कार्य पर गर्व करने की अपील की। कार्यक्रम में कर्मचारियों, नेतृत्व टीम, ग्राहकों और सहयोगी संस्थाओं को 16वें फाउंडेशन डे की शुभकामनाएं दी गईं।
16 वर्ष किसी भी संगठन के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसके पीछे वर्षों की मेहनत, चुनौतियों का सामना करने की क्षमता और ग्राहकों का विश्वास होता है। उन्होंने कहा कि क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया ने इन वर्षों में जिस तरह अपनी पहचान बनाई है, वह केवल प्रबंधन की उपलब्धि नहीं, बल्कि संगठन से जुड़े प्रत्येक कर्मचारी के योगदान का परिणाम है। क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया की शुरुआत वर्ष 2010 में एक छोटी टीम और बड़े लक्ष्य के साथ हुई थी। आज संगठन के पास 3,000 से अधिक कर्मचारियों की टीम, देशभर में 26 कार्यालय और 2,100 से अधिक क्लाइंट हैं। कंपनी का राजस्व करीब 220 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, और संगठन करीब 35 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर के साथ आगे बढ़ रहा है। इन आंकड़ों को केवल कारोबार के नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए। 3,000 कर्मचारी केवल संख्या नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की उम्मीद हैं। इसी तरह 2,100 ग्राहक केवल कारोबारी खाते नहीं, बल्कि संगठन पर जताया गया भरोसा हैं। किसी भी संस्था की वास्तविक ताकत उसकी इमारत या तकनीक नहीं, बल्कि उसके लोग होते हैं।
बड़े ब्रांड का भरोसा बढ़ाता है जिम्मेदारीः
उन्होंने कहा कि एयरटेल, टाटा, मारुति सुजुकी और एनटीपीसी जैसे बड़े नामों के साथ काम करना संगठन की विश्वसनीयता को दर्शाता है। हालांकि बड़े ग्राहक हासिल करना उपलब्धि है, लेकिन वर्षों तक उनका भरोसा बनाए रखना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है। क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया का काम निरीक्षण, परीक्षण, प्रमाणन, प्रशिक्षण और विभिन्न तकनीकी सेवाओं से जुड़ा है। कंपनी का प्रोफाइल ऑटोमोटिव, टेलीकॉम, सरकारी क्षेत्र, पावर, बिल्ट एनवायरनमेंट, साइबर सिक्योरिटी, सस्टेनेबिलिटी और ट्रेनिंग समेत कई क्षेत्रों में सेवाएं उपलब्ध कराने की जानकारी देता है। गुणवत्ता से जुड़े संगठन की अपनी कार्यप्रणाली और मानक भी उच्च स्तर के होने चाहिए, क्योंकि ऑटोमोबाइल क्षेत्र में गुणवत्ता का संबंध सीधे लाखों लोगों की सुरक्षा से है, जबकि टेलीकॉम क्षेत्र देश के संचार नेटवर्क से जुड़ा है। ऐसे में प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी और विश्वसनीयता जरूरी है। कार्यक्रम में संगठन के भविष्य के लक्ष्य पर भी चर्चा हुई। क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया ने वर्ष 2029 तक टेस्टिंग, इंस्पेक्शन और सर्टिफिकेशन यानी टीआईसी इंडस्ट्री में नंबर-1 बनने का लक्ष्य रखा है।