-- राज्यसभा सांसद ने सेटर 16 बी में पीएम वन में लगाए पौधे
--रविवार सुबह 10 बजे से विभिन्न जगहों पर हुआ पौधरोपण
--प्रमुख सचिव अनिल गर्ग ने जीरो पॉइंट के पास लगाए पौधे
ग्रेटर नोएडा (अमन इंडिया) । ग्रेटर नोएडा को हरा-भरा शहर बनाने के लिए जन सहभागिता बहुत जरूरी है। सरकारी संस्थाओं के साथ ही गैर सरकारी संगठनों आरडब्ल्यूए, निवासियों, सभी को आगे आना होगा। गौतमबुद्ध नगर से राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने 12 जुलाई को वृहद पौधरोपण अभियान के अंतर्गत ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-16बी स्थित ग्रीन बेल्ट में पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। गिव मी ट्रीज ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस पौधरोपण कार्यक्रम में ओएसडी गिरीश कुमार झा, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, उप महाप्रबंधक उद्यान एसके जैन (उद्यान से संबंधित सह नोडल), वरिष्ठ प्रबंधक श्यामा प्रसाद,वरिष्ठ प्रबंधक मनोज सचान व राम कुमार, प्रबंधक लव शंकर भारती, प्रशांत समाधिया व दिव्या चौधरी, सहायक प्रबंधक बीके त्यागी, रविद्र गौड़ सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। पीएम वन में सांसद की तरफ से 30 पौधे प्रतिमाह लगाए जा रहे हैं । पर्यावरण दिवस के अवसर पर भी सांसद ने यहां पौधरोपण किया था। सांसद ने पौधों की नियमित देखभाल करने और एक स्थान पर एक जैसे पौधों की प्रजाति लगाने को कहा। वहीं आईटी सिटी रोड पर जीरो पॉइंट के पास शहरी वन क्षेत्र में प्रमुख सचिव व जिले के नोडल अधिकारी अनिल गर्ग ने एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और सुमित यादव के साथ पौधरोपण किया। उनके साथ उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल, उपनिदेशक उद्यान ज्ञानेंद्र यादव व अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से रोजा याकूबपुर के ग्रीन बेल्ट, सेक्टर 16 में रेलवे ट्रैक के पास स्थित ग्रीन बेल्ट, कोको काउंटी सोसाइटी के पास ग्रीन बेल्ट, बैनेट यूनिवर्सिटी के पास और सेक्टर पी थ्री में पौधरोपण किया गया। इन जगहों पर पिलखन, अमलतास गुलमोहर, नीम, जामुन आदि प्रजाति के पौधे लगाए गए। वृहद पौधारोपण अभियान में ग्रेटर नोएडा की विभिन्न आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कोको काउंटी सोसाइटी के पास ग्रीन बेल्ट मैं पौधारोपण के दौरान दादरी विधायक प्रतिनिधि दीपक यादव मौजूद रहे। इस वर्ष प्राधिकरण की तरफ से लगभग 1.34 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बढ़ाकर लगभग 1.90 लाख कर दिया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने यहां के निवासियों से ग्रेटर नोएडा को और हरा-भरा बनाने के इस अभियान से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने घरों में, सड़कों के किनारे, पार्क, ग्रीन बेल्ट आदि जगहों पर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की है।